जंजीर बांधकर किया प्रदर्शन


हरदा। समाजवादी जन परिषद के कार्यकर्ताओं और आरा मिल मजदूरों ने संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष शमीम मोदी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार शाम को जंजीर बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान हाथ में लोहे की जंजीर बांधे श्रमिकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। आरा मिल मजदूरों की मांगों और शमीम की गिरफ्तारी के विरोध में नारायण टॉकीज चौक पर जारी श्रमिकों का धरना बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा।

इस दौरान सजप के गोपाल राठी ने कहा कि कार्यकर्ता और मजदूर न्यायपूर्ण व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांगों की अनदेखी कर प्रशासन पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रहा है। जिले में श्रम कानून का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सजप प्रदेश उपाध्यक्ष शमीम को दो साल पुराने फर्जी प्रकरण में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूंजीपतियों के प्रभाव में आकर की गई है। राठी ने कहा कि सजप गांधी, लोहिया, आंबेडकर के विचारों में आस्था रखने वाला दल है।

संगठन के कार्यकर्ता अहिंसात्मक सत्याग्रह में विश्वास रखते हैं। हम सत्याग्रह के जरिए सरकार को अपनी मांगे मानने के लिए मजबूर करेंगे। इस दौरान चौराहे पर सजप कार्यकर्ता और मजदूरों ने हाथों में जंजीर बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।

जंजीर हमारी टूटेगी-नेता हमारी छूटेगी के नारे लगाते मजदूरों ने कहा कि उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। धरने में बुधवार को श्रीराम, कन्हैयालाल मिस्त्री, आत्माराम, कैलाश, आनंद, मेहबूब खां, कमलेश, शहीद, तुलसी, मुकेश, रज्ााक खां, रामेश्वर सहित आरा मिल संगठन हरदा के अलावा खिरकिया के मजदूरों एवं सजप कार्यकर्ता शामिल हुए।

http://www.patrika.com/news.aspx?c=0&id=128223

Comments