जंजीर बांधकर निकाली रैली

(दैनिक भास्कर)

भास्कर न्यूज

Saturday, February 21, 2009 06:59 [IST]

भोपाल. समाजवादी जनपरिषद की नेता शमीम मोदी की हरदा में गिरफ्तारी के विरोध में करीब आधा दर्जन जनसंगठनों ने जंजीर बांधकर रैली निकाली और लिली टॉकीज चौराहे पर घेरा बनाया। इसके बाद इन लोगों ने गृह मंत्री जगदीश देवड़ा, श्रम राज्य मंत्री करण सिंह वर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सुरेंद्र सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

समाजवादी जन परिषद, किसान आदिवासी संगठन, जागृत आदिवासी दलित संगठन, श्रमिक आदिवासी संगठन, भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन और नर्मदा बचाओ संगठन द्वारा यादगारे शाहजहानी पार्क से रैली निकाली। इसमें प्रदर्शनकारी एक-दूसरे को जंजीरें बांधकर चल रहे थे। लिली टॉकीज चौराहा पर पहुंचकर इन लोगों ने बंधी हुई जंजीरों के साथ घेरा बनाया। रैली यहां सभा में परिवर्तित हो गई।

इसलिए गिरफ्तार किया

जनपरिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील व अन्य नेताओं ने पत्रकारों से चर्चा में आरोप लगाया कि शमीम मोदी को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वे लंबे समय से हरदा जिले में मजदूरों, हम्मालों, आदिवासियों और दलितों के हित में संघर्ष कर रही हैं। 9 फरवरी को हरदा के उद्योगपतियों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था कि 48 घंटे के भीतर शमीम मोदी को गिरफ्तार किया जाए और 24 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। माकपा के राज्य सचिव बादल सरोज ने शमीम मोदी की गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने शमीम मोदी के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने और उन्हें रिहा करने की मांग की है।

Courtesy:http://www.bhaskar.com/2009/02/21/0902210701_protest_against_government_by_ngo_in_bhopal.html

Comments